केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा है कि सूर्य कि किरणें सभी वायरस खत्म कर देती है। संसद परिसर में कोरोनावायरस से निपटने के बारे में पूछे जाने पर बुधवार को उन्होंने कहा, ‘‘ सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक धूप ज्यादा होती है। 10-15 मिनट ही क्यों न हों सब लोग अगर धूप सेंकते हैं तो उससे लाभ भी होगा। उससे हमारे शरीर को जहां शरीर में विटामिन डी मिलता है, हमारे शरीर की इम्युनिटी बढ़ती है। साथ ही किसी भी प्रकार के वायरस खत्म होते हैं। इसलिए यह बात सभी लोगों को ध्यान में रखना चाहिए कि धूप का सेवन भी करना चाहिए।’’
देश में कोरोनावायरस कोरोनावायरस संक्रमितों की संख्या 150 से ज्यादा हो गई है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश में तीन, और चंडीगढ़, कर्नाटक में 1-1 मामले सामने आए। चंडीगढ़ में ब्रिटेन से लौटी 23 साल की महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ऐसे में संक्रमण रोकथाम की कोशिश तेज कर दी गई है।
आठवले ने गो-कोरोना के नारे लगाए थे
कोरोनावायरस को लेकर इससे पहले मोदी कैबिनेट के मंत्री रामदास आठवले ने गो-कोरोना, गो-कोरोना के नारे लगाए थे। दरअसल आठवले17 मार्च को मुंबई में कोरोना जागरूकता कार्यक्रम में हिस्सा लिया था। इसी कार्यक्रम में उन्होंने यह नारे लगाए थे। आठवले का नारे लगो का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड होने के बाद यूजर्स ने उन्हें जमकर ट्रोल किया था। आठवले अक्सर संसद में अपनी कविताओं को लेकर सुर्खियों में रहते हैं।
अश्विनी चौबे पहले भी बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं
अश्विनी चौबे अपने बयानों को लेकर पहले भी सुर्खियों में रहे हैं। दिसंबर 2019 में प्याज की कीमत 100 से 120 रु. तक पहुंच गई थी। इसके कारण आम लोगों को परेशानी हो रही थी। अश्वीनी चौबे से जब बढ़ी कीमतों के बारे में पूछ गया तो उन्होंने कहा था, ‘‘ मैं शाकाहारी आदमी हूं। मैंने कभी प्याज नहीं चखा है। जब मैंने कभी प्याज खाया ही नहीं तो मुझे प्याज का रेट क्या मालूम?’’